जून 1, 2026 4:41 अपराह्न

printer

सीईपीए केवल व्यापार समझौता नहीं, बल्कि यह सभ्यतागत विश्वास का प्रतीक है-केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत-ओमान व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता-सीईपीए, आज से लागू हो गया है। इस समझौते पर छह महीने पहले हस्‍ताक्षर किए गए थे।  श्री पीयूष गोयल ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सीईपीए केवल एक व्यापार समझौता नहीं है, बल्कि यह सभ्यतागत विश्वास का प्रतीक है। उन्‍होंने कहा कि यह व्यापक समझौता ओमान के साथ भारत के संबंधों को नई गति प्रदान करेगा।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पहले दिन से ही भारत को ओमान की 98 प्रतिशत टैरिफ लाइनों पर शुल्क मुक्त पहुंच प्राप्त होगी, जो ओमान को होने वाले भारत के 99 प्रतिशत से अधिक निर्यात को कवर करती है। उन्होंने कहा कि इस समझौते के लागू होने से भारत के कामगारों, लघु तथा मध्यम उद्यमों और कपड़ा, खेल वस्त्र, कृषि उत्पाद, फार्मा तथा चिकित्सा उपकरण, चमड़ा, ऑटोमोबाइल और समुद्री उत्पाद जैसे विभिन्न क्षेत्रों के निर्यातकों को ओमान के बाजार में प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले प्राथमिकत मिलेगी। श्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह संतुलित मुक्त व्यापार समझौता आजीविका की रक्षा करते हुए ओमान को भारत के निर्यात के द्वार खोलता है।