जुलाई 2, 2026 8:58 पूर्वाह्न

printer

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और किरेन रिजीजू ने असम में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की

केंद्र सरकार ने असम में हाल की बाढ़ से निपटने के लिए पूरे सहयोग का आश्‍वासन दिया है। केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने कल गुवाहाटी में राज्य सरकार के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में, सबसे ज्यादा प्रभावित धेमाजी जिले सहित पूरे राज्य में बाढ़ से हुए आरंभिक नुकसान का जायज़ा लिया। 
 
राज्य के मुख्‍य सचिव रवि कोटा ने बताया कि बाढ़ से 13 जिलों के करीब 72 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। अकेले धेमाजी जिले में करीब 50 हजार लोग प्रभावित हैं। जिले में बाढ़ से एक व्‍यक्ति की मृत्‍यु हो गई जबकि आठ अन्‍य लोग लापता हैं। बाढ़ से सड़कों, पुलों, घरों और कृषि भूमि सहित करोडों रूपये की संपत्ति को नुकसान हुआ है।  
 
श्री चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार असम और अरूणाचल प्रदेश में बाढ़ के हालात को लेकर बेहद गंभीर है। उन्‍होंने कहा कि दिल्‍ली लौटकर वह प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को बाढ़ के हालात की विस्‍तृत रिपोर्ट प्रस्‍तुत करेंगे। उन्‍होंने यह भी कहा कि दोनों राज्‍यों में हुए नुकसान का विस्‍तृत आकलन करने के लिए एक उच्‍चस्‍तरीय केंद्रीय अंतर-मंत्रालयी दल भेजा जाएगा।