अप्रैल 2, 2026 10:08 अपराह्न

printer

केंद्र और राज्य सरकारें देशभर में कौशल विकास को मजबूत करने के लिए काम कर रही हैं: जयंत चौधरी

कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने आज कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें देश भर में कौशल विकास को मजबूत करने के लिए समन्वय के साथ काम कर रही हैं। ग्रेटर नोएडा में आयोजित इंडिया स्किल्स नेशनल कॉम्पिटिशन 2025-26 को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने वर्ल्ड स्किल्स एशिया सहित हाल ही में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शंघाई में होने वाले आगामी वैश्विक आयोजन में भारत के प्रतिभागी महत्वपूर्ण सफलता हासिल करेंगे।

 

श्री चौधरी ने बताया कि चार दिवसीय प्रतियोगिता में 650 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। कौशल विकास के महत्व पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक विश्व में औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल प्राप्त करना आवश्यक है। आत्मनिर्भर और भविष्य के लिए तैयार कार्यबल के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि कौशल विकास, विकसित भारत 2047 की परिकल्पना का एक अभिन्न अंग है और सरकार बजट आवंटन बढ़ाकर इस क्षेत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।