केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सीबीएसई ने बताया है कि उत्तर पुस्तिकाओं की प्रतियों में पाई गई त्रुटियों के सत्यापन और उनके पुनर्मूल्यांकन के लिए पोर्टल आज से शुरू हो गया है। यह पोर्टल 6 जून तक खुला रहेगा।
सीबीएसई ने कहा है कि यह सुविधा केवल उन्हीं छात्रों के लिए उपलब्ध है, जिन्होंने अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की प्रति प्राप्त कर ली है। बोर्ड ने बताया है कि सुरक्षा बढ़ाने के लिए आधार सत्यापन को शामिल किया गया है। जिन बच्चों के पास आधार कार्ड नहीं है, उनके माता-पिता, रिश्तेदार या अभिभावक के आधार कार्ड का उपयोग किया जा सकता है।
छात्रों को प्रतियों में पाई गई त्रुटियों के सत्यापन के लिए प्रति उत्तर पुस्तिका 100 रुपये और पुनर्मूल्यांकन के लिए प्रति प्रश्न 25 रुपये का भुगतान करना होगा। शुल्क का भुगतान केवल यूपीआई, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग जैसे ऑनलाइन माध्यमों से किया जा सकता है।