कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में एक गुरुद्वारे में दो लोगों पर चाकू से हमला किया गया। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति ने शादी समारोह से पहले सवेरे की प्रार्थना के दौरान यह हमला किया। घटना एडमोंटन के उत्तर-पूर्वी बाहरी क्षेत्र में स्थित नानकसर गुरुद्वारा गुरसिख मंदिर में सुबह 5 बजे हुई। एडमोंटन पुलिस ने बताया कि यह घटना 14 स्ट्रीट और हॉर्सहिल सडक के पास हुई। घटना स्थल पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों ने आरोपी को गिरफ्तार किया। घायलों का इलाज किया जा रहा है और उनकी स्थिति सामान्य है। इस घटना के कारणों का पता नहीं चला है।
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने हमले की निंदा की है। उन्होंने पीड़ितों और सिख समुदाय के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। कार्नी ने कहा कि यह घटना “भयानक” है और किसी को भी अपने पूजा स्थल पर असुरक्षित महसूस नहीं करना चाहिए। उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए एडमोंटन पुलिस सेवा को धन्यवाद भी दिया।