अप्रैल 25, 2026 9:52 अपराह्न

printer

पश्चिम बंगाल विधानसभा के दूसरे चरण के लिए प्रचार तेज, रोड शो और रैलियों का दौर जारी

पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए मतदान के दूसरे चरण का प्रचार जोर-शोर से चल रहा है। विभिन्‍न पार्टियों के नेता पूरे राज्‍य में मतदाताओं को लुभाने के लिए एड़ी चोट का जोर लगा रहे हैं। बुधवार को होने वाले मतदान के लिए रोड शो, रैलियां और तीखे भाषण हो रहे हैं।

पूर्वी बर्द्धमान के जमालपुर में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने कहा कि यदि उनकी पार्टी राज्‍य में सत्‍ता में आती है, तो समान नागरिक संहिता और सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा होगी। मतुआ समुदाय के लिए उन्‍होंने पार्टी का समर्थन दोहराया।

हुगली में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता राजनाथ सिंह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्‍य में प्रत्‍येक महिला को तीन हजार रुपये की सहायता दी जाएगी और सरकारी पदों को भरा जाएगा। उन्‍होंने तृणमूल कांग्रेस के मां, माटी और मानुष के नारे की आलोचना करते हुए कहा कि मौजूदा राज्‍य सरकार के शासन में कोई भी सुरक्षित नहीं है।

भारतीय जनता पार्टी के नेता जे पी नड्डा, नितिन नवीन और उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने बर्द्धमान और उत्‍तरी 24 परगना में जनसभाएं कीं। योगी आदित्‍यनाथ ने भारत के स्‍वतंत्रता संग्राम में बंगाल की भूमिका का उल्‍लेख किया और भरोसा जताया कि राज्‍य जल्‍दी ही विपक्षी पार्टियों के चंगुल से मुक्‍त होगा।

तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने पार्टी की कानूनी लड़ाई का उल्‍लेख किया जिसके कारण मतदाताओं के 32 लाख वोटरों के नाम मतदाता सूची में बहाल हो सके। उन्‍होंने आश्‍वासन दिया कि लोगों को इस संबंध में घबराना नहीं चाहिए। उन्‍होंने केन्‍द्र सरकार पर राज्‍य के विकास के लिए धन रोकने का आरोप भी लगाया।

श्रीरामपुर में चुनाव प्रचार करते हुए कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता राहुल गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी संविधान और एकता के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि भाजपा घृणा तथा बांटने की राजनीति करती है।