पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार कल समाप्त हो जाएगा। इस चरण का मतदान बुधवार को होगा।वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हुगली जिले के आरामबाग और उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव में जनसभाओं को संबोधित किया। बाद में उन्होंने कोलकाता में एक भव्य रोड शो भी किया।
आरामबाग में श्री मोदी ने कहा कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्टाचार और शासन की विफलताओं ने लोगों को परेशान कर दिया है और उन्हें हटाने का संकल्प अब और मजबूत हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर हुगली को देश का औद्योगिक केंद्र बनाया जाएगा।
उन्होंने संदेशखाली हिंसा घटनाओं का उल्लेख करते हुए महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया।किसानों के हित को प्राथमिकता बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने जूट का न्यूनतम समर्थन मूल्य दोगुना किया है, खरीद तीन गुना बढ़ाई है और जूट पैकेजिंग को बढ़ावा दिया है।
इस बीच, वरिष्ठ बीजेपी नेता अमित शाह ने नदिया जिले के तेहट्टा और रानाघाट में रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को हर महीने तीन हजार रुपये और गर्भवती महिलाओं को इक्कीस हजार रुपये देने का वादा किया। साथ ही राज्य परिवहन में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की भी बात कही।
श्री शाह ने पशु तस्करी रोकने के लिए विशेष दस्ता बनाने और घुसपैठियों की पहचान कर कार्रवाई करने की भी बात कही। उन्होंने तेहट्टा में जलंगी नदी पर अधूरे पुल का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर इसे दो साल में पूरा किया जाएगा।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बालीगंज में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में रैली को संबोधित किया। उन्होंने ममता बनर्जी की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के लोग उन पर पूरा भरोसा रखते हैं।
वही, तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने पूर्व बर्धमान में रैली की और फाल्टा से जगन्नाथपुर तक रोड शो किया। राज्य में पहले चरण का मतदान इस महीने की 23 तारीख को हुआ था।केरलम, तमिलनाडु, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी के साथ पश्चिम बंगाल में दो चरणों में हुए मतदान की मतगणना 4 मई को होगी।