अगस्त 18, 2026 2:17 अपराह्न

printer

बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में, उन्नति हुडा ने म्यांमा की थेत हतार थुजार को हराकर महिला सिंगल्‍स के दूसरे दौर में प्रवेश किया

बी.डबल्‍यू.एफ. बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप में, नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में म्यांमा की थेत हतार थुजार को सीधे गेमों में हराकर भारत की उन्नति हुडा महिला सिंगल्‍स के दूसरे दौर में पहुंच गई हैं। पहले गेम में कड़ी टक्कर देखने को मिली, जिसमें भारतीय खिलाड़ी ने अपनी प्रतिद्वंदी को 22-20 से हराया। दूसरे गेम में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21-16 से आसान जीत दर्ज की। अब उनका मुकाबला राउंड ऑफ 32 में कनाडा की 13वीं वरीयता प्राप्त मिशेल ली से होगा।
 
इस बीच, मिकस्‍ड डबल्‍स स्पर्धा में भारतीय जोड़ी आशीष सूर्या और अमृता प्रमुथेश तथा तुर्किए की जोड़ी एमरे सोनमेज़ और यासेमेन बेक्टास के बीच मैच चल रहा है। भारतीय जोड़ी ने पहला गेम 21-16 से जीत लिया है।
 
आज दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन पुरुष सिंगल्‍स के पहले दौर में ऑस्ट्रिया के कोलिन्स फिलिमोन के साथ खेलेंगे। महिला डबल्‍स के दूसरे दौर में भारतीय जोड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद का सामना अमरीका की लॉरेन लैम और एलिसन ली से होगा। वहीं, महिला डबल्‍स के दूसरे दौर में कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी का मुकाबला बुल्गारिया की स्टेफानी स्टोएवा और गैब्रिएला स्टोएवा से होगा। मिकस्‍ड डबल्‍स के पहले दौर में आज सुबह भारत के रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे को कनाडा की जोड़ी जोनाथन लाई और क्रिस्टल लाई से हार का सामना करना पड़ा। पहला गेम 22-20 से जीतने के बाद, भारतीय जोड़ी अगले दो गेम 19-21 और 17-21 से हार गई।