भारत की अध्यक्षता में जयपुर में हुई ब्रिक्स पर्यटन मंत्रियों की बैठक कल जयपुर घोषणापत्र को सर्वसम्मति से मंजूरी देने के साथ संपन्न हुई। जयपुर घोषणापत्र में ब्रिक्स देशों के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन, कौशल विकास और सुविधाजनक यात्रा जैसे क्षेत्रों पर जोर दिया गया है।
बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने की। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। पर्यटन से शहरों के साथ-साथ छोटे कस्बों, गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों में भी रोजगार और विकास के अवसर बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में होटल, होमस्टे, टैक्सी चालक, गाइड, कारीगर, बुनकर, किसान और उद्यमियों सहित लाखों लोगों की आजीविका जुड़ी है।
श्री शेखावत ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत आने वाले पर्यटकों की संख्या तीन गुना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि जयपुर घोषणापत्र से ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग बढ़ेगा और पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसर सृजित होंगे। बैठक के दौरान भारत ने ब्राजील, ईरान, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के साथ पर्यटन सहयोग बढ़ाने पर द्विपक्षीय चर्चा भी की।