भारत असम के गुवाहाटी में कल से शुरू हो रही दो दिवसीय ब्रिक्स मादक पदार्थ रोधी एजेंसियों के प्रमुखों की बैठक की मेजबानी करेगा। गृह मंत्रालय ने कहा कि यह बैठक ब्रिक्स के सदस्य देशों के मादक पदार्थ रोधी एजेंसियों के प्रमुखों और वरिष्ठ अधिकारियों को एक मंच प्रदान करेगी। इससे मादक पदार्थ नियंत्रण एजेंसियों के समूहों में संस्थागत निरंतरता को सशक्त बनाने तथा गहन परिचालन सहयोग को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
स्वापक नियंत्रण ब्यूरों की मेजबानी में हो रही यह बैठक कृत्रिम दवाओं और पूर्ववर्ती पदार्थों के दुरुपयोग से निपटने, खुफिया जानकारी साझा करने और परिचालन समन्वय को मजबूत करने तथा क्षमता निर्माण और संस्थागत सहयोग सहित कई क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करेगी।
भारत ब्रिक्स के सहयोग को संवाद केंद्रित संपर्क से संरचित और कार्योन्मुख सहयोग में परिवर्तित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में इस बैठक की परिकल्पना करता है। यह बैठक मादक पदार्थ के खतरों से निपटने में निर्णायक प्रयासों का प्रदर्शन करने के लिए भारत को एक अवसर प्रदान करेगी। स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ जन सुरक्षा और स्वास्थ्य तथा देश के युवाओं के भविष्य के लिए एक गंभीर खतरा है।
इस दो दिवसीय बैठक की एक साझा घोषणा पत्र को अपनाने के साथ संपन्न होने की आशा की जा रही है। इसका उद्देश्य ब्रिक्स राष्ट्रों में सीमापार मादक पदार्थ के खतरों के विरूद्ध समेकित कार्रवाई को सशक्त बनाना है।