सितम्बर 16, 2026 9:42 अपराह्न

printer

भाजपा कल से शुरू करेगी एक महीने का राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान

भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में कल से एक महीने तक राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनसेवा के प्रति प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता को उजागर करना और लोगों, विशेषकर युवाओं को सेवा कार्यों में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह अभियान श्री नरेन्‍द्र मोदी के 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने के 25 वर्ष पूरे होने का भी प्रतीक है। 
 
अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी, जिनमें प्रधानमंत्री मोदी सेवा भावना को प्रमुखता दी जाएगी। कल प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा और देश भर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। 
 
अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता देश भर में 14 लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंचेंगे और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेंगे। स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण जैसी गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया जाएगा। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत, 7 अक्टूबर को सभी जिला मुख्यालयों में सेवा ज्योति कलश यात्रा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।