भारतीय जनता पार्टी ने आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विशेष गहन पुनरीक्षण – एसआईआर के विरोध और आकाशवाणी भवन में घुसपैठ करने को लेकर हमला बोला है।
नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस परिवार, जिसने पिछली चार पीढ़ियों से लोकतंत्र का गला घोंटकर राजशाही शासन चलाया है। आज लोकतंत्र की आड़ में आकाशवाणी में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी निराधार, असंगत और झूठे बयानों से पूरे देश को गुमराह कर रहे हैं।
श्री त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने खुद कहा है कि कई जगहों पर मतदाता सूची में दोहराव है, लेकिन अब वे एसआईआर प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने पांच करोड़ से अधिक लोगों को राशन नहीं दिया गया और चार करोड़ से अधिक लोगों की महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी के अंतर्गत मजदूरी हड़प ली, वही लोग अब मृत और नकली मतदाताओं के जरिए लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पहले, श्री राहुल गांधी, श्रीमति प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस नेताओं और समर्थकों के साथ आकाशवाणी भवन में दाखिल हुए।