सितम्बर 4, 2026 6:17 अपराह्न

printer

बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने भारत-बेल्जियम हीरा व्यापार को अटूट संबंध बताया

बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने आज भारत और बेल्जियम के बीच हीरा व्यापार साझेदारी को अटूट संबंध बताते हुए कहा कि सदियों पुराना यह रिश्ता आपसी विश्वास, पारदर्शिता और सहयोग पर आधारित है। मुंबई स्थित भारत डायमंड बोर्स के संवादात्मक सत्र में श्री डी वेवर ने हीरा उद्योग में भारत और बेल्जियम की पूरक शक्तियों का जिक्र किया। उन्‍होंने भारत को विश्व की कार्यशाला तथा एंटवर्प को वैश्विक संपर्क का मंच बताया।

विश्व की हीरा राजधानी के रूप में चर्चित मुंबई और एंटवर्प के बीच समानता बताते हुए श्री डी वेवर ने कहा कि दोनों बंदरगाह शहर अपने-अपने देशों के आर्थिक इंजन हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई में स्थित एचआरडी एंटवर्प का नया कार्यालय दोनों देशों के बीच हीरा व्यापार को और मजबूत करेगा। श्री डी वेवर ने भारतीय व्यवसायों के लिए व्यापार-अनुकूल वातावरण बनाने के लिए बेल्जियम सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। श्री डी वेवर ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौता विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार को महत्वपूर्ण बढ़ावा देगा।

इस अवसर पर रत्न और आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद के अध्यक्ष किरित भंसाली ने बताया कि दोनों देशों के बीच रत्न और आभूषणों का व्यापार 2025-26 में लगभग साढे तीन अरब डॉलर तक पहुंच गया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग के नए रास्ते खोलेगा। भारत डायमंड बोर्स के अध्यक्ष अनूप मेहता ने किम्बर्ली प्रक्रिया की भारत की अध्यक्षता के दौरान बेल्जियम से सकारात्मक सहयोग की आशा प्रकट की।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला