भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड-बीसीसीआई ने स्मृति मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नई कप्तान नियुक्त किया है। स्मृति मंधाना इससे पहले अठारह टी-20 अंतरराष्ट्रीय और चार एकदिवसीय मैचों में भारत की कप्तानी कर चुकी हैं। अब वे भारत की पूर्णकालिक क्रिकेट टीम की कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी।
भारतीय टीम हाल के वर्षों में मिली सफलता को आगे बढ़ाने और नए दौर की शुरुआत करने की तैयारी में है। स्मृति मंधाना की भारतीय टीम में नियुक्ति हरमनप्रीत कौर की कप्तानी के तीनों प्रारूपों से हटने के बाद हुई है। हरमनप्रीत ने पांच टेस्ट, 51 एकदिवसीय और 155 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत की कप्तानी की थी। उनकी कप्तानी में भारत ने पिछले वर्ष पहली बार एकदिवसीय विश्व कप का खिताब जीता और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक भी हासिल किया।