बैंकर्स बुक्स एविडेंस एक्ट-2026 पहली अक्टूबर से लागू होगा। राष्ट्रपति ने इस अधिनियम को 13 अगस्त को मंजूरी दी थी। यह नया कानून 1891 के बैंकर्स बुक्स एविडेंस एक्ट का स्थान लेगा। आधुनिक बैंकिंग व्यवस्था के अनुरूप बैंकिंग रिकॉर्ड को साक्ष्य के रूप में इस्तेमाल करने के लिए यह नया कानून एक आधुनिक ढांचा उपलब्ध कराएगा। इसमें कागजी, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल, वर्चुअल, क्लाउड आधारित और अन्य आधुनिक रूपों में रखे गए बैंकिंग रिकॉर्ड को मान्यता दी गई है।
नए कानून का उद्देश्य वर्तमान बैंकिंग व्यवस्था की जरूरतों के अनुरूप कानूनी ढांचे को आधुनिक बनाना है। इसके तहत बैंकर्स बुक्स से संबंधित साक्ष्य के लिए स्पष्ट प्रावधान किए गए हैं और उन्हें डिजिटल बैंकिंग व्यवस्था के अनुरूप बनाया गया है। कानून के अनुसार, बैंकर्स बुक का कोई भी इलेक्ट्रॉनिक या डिजिटल रिकॉर्ड साक्ष्य के रूप में स्वीकार्य, वैध और कानूनी रूप से लागू करने योग्य होगा।