बैडमिंटन में, भारत की रक्षिता रामराज ने दक्षिण कोरिया के आसन में खेले जा रहे कोरिया मास्टर्स के महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। क्वार्टर फाइनल में रक्षिता ने अपने ही देश की तन्वी शर्मा को हराया। अब सेमीफाइनल में रक्षिता का सामना भारत की ही अश्मिता चालिहा से होगा, जिससे भारत का फाइनल में स्थान पक्का हो गया है।
पुरुष युगल में आज पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय और कृष्णा प्रसाद गरागा की जोड़ी सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए मलेशिया के मान वेई चोंग और सोह वूई यिक का सामना करेगी।
इस बीच, महिला युगल और मिश्रित युगल स्पर्धाओं में भारत का अभियान समाप्त हो गया। महिला युगल में सोनाली सिंह और रितिका ठाकर की जोड़ी तथा मिश्रित युगल में ईशान भटनागर और श्रुति मिश्रा की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई।