ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आगामी ऑस्ट्रेलिया यात्रा से पहले भारत को एक महत्वपूर्ण आर्थिक साझेदार बताया है। एक बयान में, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है कि विश्व की चौथी सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में, भारत ऑस्ट्रेलिया के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक साझेदार है। श्री अल्बानीज़ ने कहा कि हमारे संबंध व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर आधारित हैं तथा गहरे आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों से समर्थित हैं। उन्होंने कहा कि व्यापार, रक्षा, सुरक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग दोनों देशों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के संबंध पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं और यह साझेदारी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देती है। बयान में कहा गया है कि दोनों नेता मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया-भारत वार्षिक नेता शिखर सम्मेलन में मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री अल्बनीज़ ने पिछली बार नवंबर 2025 में जोहान्सबर्ग में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल से तीन देशों- इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा पर जा रहे हैं।