अक्टूबर 19, 2026 1:44 अपराह्न

printer

एशियाई पैरा खेल: निशानेबाज मोना अग्रवाल ने जीता स्वर्ण, अवनी लेखारा ने हासिल किया रजत; पीएम मोदी ने दी बधाई

पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल ने जापान एशियाई पैरा खेलों में, महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल एसएच-1 स्पर्धा में नया रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया है। भारत की अवनी लेखारा ने इस स्पर्धा में रजत पदक जीता।

2024 पेरिस पैरालंपिक की कांस्य पदक विजेता मोना ने 250 का रिकॉर्ड स्कोर बनाया। जबकि दो बार की पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता अवनी मात्र 0.4 अंक पीछे रही।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पैरा एशियाई खेलों में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच-1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर निशानेबाज मोना अग्रवाल को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने खेलों में भारत के पहले दिन को और भी खास बना दिया है। श्री मोदी ने कहा कि उनकी सटीकता, दृढ़ संकल्प और संयम वास्तव में सराहनीय हैं। उन्होंने पैरा एशियाई खेलों का नया रिकॉर्ड बनाने पर मोना के उत्कृष्ट प्रदर्शन की भी सराहना की।

प्रधानमंत्री ने इसी स्पर्धा में उत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीतने वाली अवनी लेखारा को भी बधाई दी। श्री मोदी ने कहा कि उनकी निरंतरता और दृढ़ संकल्प देश को गौरवान्वित करते रहते हैं।