अरुणाचल प्रदेश में, शाक्यमुनि बुद्ध के पवित्र अवशेषों को पश्चिम कामेंग जिले के बोमडिला स्थित थुबचोग गात्सेल लिंग मठ में दर्शन के लिए स्थापित किया गया है। पहले दिन लगभग 4 हजार श्रद्धालु दर्शन और प्रार्थना करने पहुंचे। आगंतुकों की सुगम आवाजाही के लिए जिला प्रशासन ने निर्वाचन क्षेत्रवार दर्शन दिवस निर्धारित किए हैं। दिरांग विधानसभा क्षेत्र के श्रद्धालु पवित्र पिपरावा अवशेषों के दर्शन के लिए आज लोअर गोम्पा पहुंचे।
अवशेषों को भारतीय वायु सेना के चिनूक हेलीकॉप्टर से तवांग से बोमडिला लाया गया था और कल रूपा स्थित सेना के हेलीपैड पर अरुणाचल प्रदेश के पर्यटन मंत्री पासांग दोरजी सोना ने उनका स्वागत किया। यह प्रदर्शनी केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली, अरुणाचल प्रदेश सरकार और अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध संघ के सहयोग से आयोजित की जा रही है।
पवित्र अवशेष 13 नवंबर तक बोमडिला में आम जनता के दर्शन के लिए खुले रहेंगे, जिसके बाद इन्हें नामसाई स्थित स्वर्ण पैगोडा में ले जाया जाएगा। नामसाई में प्रदर्शनी 14 से 20 नवंबर तक चलेगी और अवशेष 21 नवंबर को राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली में वापस लाए जाएंगे।