भारतीय रेलवे ने दक्षिण मध्य रेलवे के नांदेड़ सम्भाग में परभणी-मुदखेड़ डबल लाइन खंड पर विद्युत कर्षण प्रणाली के उन्नयन के लिए 163 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। इस परियोजना में 164 किलोमीटर ट्रैक पर मौजूदा 25 किलोवाट विद्युत कर्षण प्रणाली को अधिक उन्नत 50 किलोवाट प्रणाली में परिवर्तित करना शामिल है, साथ ही बढ़ी हुई विद्युत मांग को पूरा करने के लिए उन्नत विद्युत आपूर्ति अवसंरचना भी शामिल है। रेल मंत्रालय के अनुसार यह पहल रेलवे अवसंरचना को मजबूत करने और नेटवर्क क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मंत्रालय ने कहा कि उन्नत कर्षण प्रणाली से रेलगाड़ी संचालन के लिए विद्युत आपूर्ति मजबूत होगी, जिससे यह खंड अधिक माल ढुलाई करने और वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाडि़यों के संचालन में सहायक होगा। यह 2029-30 तक 30 लाख टन माल ढुलाई के रेलवे के लक्ष्य को प्राप्त करने में भी योगदान देगा।
मंत्रालय ने कहा कि यह परियोजना देश भर में उच्च घनत्व वाले गलियारों पर विद्युत अवसंरचना के आधुनिकीकरण और परिचालन दक्षता में सुधार के लिए रेलवे के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।