दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली के सभी 39 उप-मंडलों में पहली बार विशेष प्रक्रिया से उप-पंजीयकों की नियुक्ति की गई है। इन अधिकारियों की नियुक्ति, सूचना प्रौद्योगिकी आधारित रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से अतिरिक्त मुख्य सचिव की उपस्थिति में पूरी की गई है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत कुछ अधिकारी पहले से ही उप-पंजीयक के पद पर हैं, वहीं, अन्य अधिकारियों को उनके वर्तमान कार्यभार से स्थानांतरित कर उप-पंजीयक के रूप में नियुक्त किया गया है। इन उप-पंजीयकों का चयन ऐसे अधिकारियों के समूह में से किया गया, जो बेहतर स्वास्थ्य, पर्याप्त शेष सेवा अवधि और सतर्कता मंजूरी जैसे निर्धारित मानदंडों को पूरा करते हैं।
दिल्ली सरकार द्वारा उप-पंजीयक के 39 पद अधिसूचित किए जाने के बाद अब सभी 13 राजस्व जिलों के अंतर्गत आने वाले 39 उप-मंडलों में इन पदों को भर दिया गया है। साथ ही उप-पंजीयक कार्यालयों की संख्या भी 22 से बढ़ाकर 39 कर दी है। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि तकनीक आधारित पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया का उद्देश्य नागरिक सेवाओं को अधिक सुचारु और प्रभावी बनाना है। उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों से पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।