आंध्र प्रदेश में विशाखापत्तनम के निकट समुद्र में स्थित विजय स्मारक पर आज करगिल विजय दिवस मनाया गया। जिला कलेक्टर एम. अभिषिक्त किशोर ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की और 1999 के कारगिल युद्ध में प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों के साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा में उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
पूर्वी नौसेना कमान ने भी विजय अभियान के नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए स्मारक पर पुष्पांजलि समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में 50 नौसैनिक कर्मियों के एक औपचारिक दल ने भाग लिया, जिसके बाद शहीद सैनिकों की स्मृति में 2 मिनट का मौन रखा गया। सेवारत और सेवानिवृत्त रक्षा कर्मियों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी।