पश्चिम एशिया में संघर्षविराम के लिए राजनयिक प्रयास तेज होने के बावजूद दक्षिणी लेबनान में इस्राएल की सैन्य कार्रवाई आज भी जारी रही। इससे शांति वार्ता में बाधाएं बढ़ती जा रही हैं। इस्राएल के प्रधानमंत्री बेंयामिन नेतन्याहू ने लेबनान के सीधी वार्ता के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था, लेकिन अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के दबाव के बाद उन्होंने तनाव कम करने में तत्परता दिखाई।
इस बीच हिजबुल्लाह ने इस्राएल के ठिकानों पर रॉकेट हमले जारी रखे हैं। लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ ऑन ने इस्राएल की सेना की लेबनान से पूर्ण वापसी की मांग की है। उन्होंने कहा कि युद्धविराम, लेबनान के अधिकार को बहाल करने और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सेना तैनात करने के लिए यह आवश्यक है।
इस बीच, अमरीका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने चेतावनी दी है कि संघर्षविराम के प्रयास विफल होने पर अमरीका ईरान पर फिर से हमले करेगा। उन्होंने कहा कि अमरीका, ईरान को परमाणु हथियार बनाने नहीं देगा।