नवम्बर 6, 2026 8:01 अपराह्न

printer

भारतीय रिजर्व बैंक के अनुसार भारत के कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में अमरीका की हिस्सेदारी 16.5 प्रतिशत रही

भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश -एफडीआई का सबसे बड़ा स्रोत मार्च 2026 तक अमरीका बना रहा। भारतीय रिजर्व बैंक के जारी आंकड़ों के अनुसार भारत में कुल विदेशी निवेश में अमरीका की हिस्सेदारी 16.5 प्रतिशत रही। इसके बाद मॉरीशस की 14.5 प्रतिशत और सिंगापुर की 13.7 प्रतिशत हिस्सेदारी रही। ब्रिटेन की हिस्सेदारी 10.8 प्रतिशत दर्ज की गई।

वहीं, भारत के विदेशों में प्रत्यक्ष निवेश -ओडीआई के लिए सिंगापुर सबसे प्रमुख गंतव्य रहा। इसमें सिंगापुर की हिस्सेदारी 21.1 प्रतिशत, संयुक्त अरब अमीरात की 16.2 प्रतिशत और अमरीका की 13.9 प्रतिशत रही।

रिजर्व बैंक के वर्ष 2025-26 के वार्षिक सर्वेक्षण के शुरुआती नतीजों के अनुसार, मार्च 2026 तक भारत में कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 8.5 प्रतिशत बढ़कर 70 लाख 72 हजार करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 65 लाख 17 हजार करोड़ रुपये था।

इसी अवधि में भारत का विदेशों में प्रत्यक्ष निवेश भी बढ़कर 16 लाख 71 हजार करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष 11 लाख 87 हजार करोड़ रुपये था। इसके परिणामस्वरूप भारत में आने वाले प्रत्यक्ष विदेशी निवेश और विदेशों में भारत के निवेश का अनुपात 5.5 गुना से घटकर 4 दशमलव 2 गुना रह गया।

इस सर्वेक्षण में 43 हजार 123 भारतीय कंपनियों को शामिल किया गया। इनमें लगभग 97 प्रतिशत गैर-सूचीबद्ध कंपनियां थीं। क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, कुल विदेशी निवेश में विनिर्माण क्षेत्र की हिस्सेदारी 50.2 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र की हिस्सेदारी 44.8 प्रतिशत रही।