वॉशिंगटन स्थित प्यू रिसर्च सेंटर के एक नए वैश्विक सर्वेक्षण के अनुसार, श्रीलंका में 79% लोगों ने भारत के प्रति अनुकूल राय व्यक्त की। इस वर्ष फरवरी से मई के बीच 36 देशों में 42 हजार से अधिक लोगों के बीच किए गए सर्वेक्षण में भारत की वैश्विक छवि काफी सकारात्मक नजर आई।
इसे दोनों देशों के मजबूत क्षेत्रीय, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों से जोड़कर देखा गया है। वर्ष 2022 के आर्थिक संकट के दौरान भारत की वित्तीय सहायता और ऋण सुविधाओं से भी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती मिली।
ब्रिटेन और केन्या में 71 प्रतिशत, जर्मनी में 63 प्रतिशत और इस्राएल में 60 प्रतिशत, इटली, स्वीडन, जापान और थाईलैंड में भी आधे से अधिक लोगों ने भारत के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त किया।
सर्वेक्षण के निष्कर्ष एशिया, यूरोप और अफ्रीका में भारत की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता और मजबूत होते संबंधों को दर्शाते हैं।