पश्चिम एशिया संकट के बीच 20 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लेकर एक जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर गुजरात के कांडला बंदरगाह पहुंच गया है। कतर से रवाना हुए मार्शल द्वीप समूह के ध्वज वाले एमवी एस वाई एम आई जहाज ने 13 मई को होर्मुज जलडमरूमध्य पार किया था। यह जहाज शनिवार रात लगभग साढे ग्यारह बजे कांडला बंदरगाह पर पहुंचा।
मार्च की शुरु से, 12 एलपीजी टैंकरों और एक कच्चे तेल के टैंकर सहित 13 भारतीय ध्वज वाले जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर स्वदेश आ चुके हैं।
पश्चिम एशिया में 28 फरवरी को शुरू हुए संघर्ष ने इस जलडमरूमध्य से यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है। अमरीका और इस्राएल के ईरान पर संयुक्त हमले के जवाब में ईरान ने भी हमले किए थे।
ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा पर संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद की एक विशेष बैठक में, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि हरीश पर्वतनेनी ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना और होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता में बाधा डालना अस्वीकार्य है।
इससे पहले, 13 मई को, ओमान के तट पर एक भारतीय ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज पर हमला हुआ था। ओमान के अधिकारियों ने सोमालिया से आ रहे जहाज के चालक दल के सभी 14 सदस्यों को बचा लिया था।