फ्रांस में पिछले महीने की रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के सबसे गर्म सप्ताह के दौरान मौतों में भारी वृद्धि दर्ज की गई है। फ्रांस की स्वास्थ्य सेवाओं के अनुसार 22 से 28 जून के बीच लगभग नौ हजार मौतें दर्ज की गईं, जो पिछले सप्ताह की तुलना में लगभग 29 प्रतिशत से अधिक दो हजार अतिरिक्त मौतें हुई है। अधिकारियों ने निजी घरों, अस्पतालों और देखभाल केंद्रों में मौतों में उल्लेखनीय वृद्धि की सूचना दी है। पेरिस में सबसे अधिक मौते हुई है।
फ्रांस की स्वास्थ्य सेवाओं के अनुसार निजी घरों में मौतों की संख्या में सप्ताह-दर-सप्ताह तीव्र वृद्धि हुई है, जो 91 प्रतिशत तक पहुंच गई है। बुजुर्गों के देखभाल केंद्रों में मौतों में 37 प्रतिशत और अस्पतालों में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अस्पतालों में पानी की कमी, दिल का दौरा, गुर्दे की जटिलताओं और भीषण गर्मी से संबंधित बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या में भारी वृद्धि देखी गई।