महिला और बाल विकास मंत्रालय द्वारा 9वां राष्ट्रीय पोषण माह 2026 बुधवार को वाराणसी में शुरू किया जाएगा। इस वर्ष का अभियान मिशन सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण के दूसरे चरण-2.0 के अंतर्गत संशोधित पूरक पोषण कार्यक्रम-एसएनपी दिशा-निर्देशों के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
पोषण माह 2026 पांच प्रमुख विषयों पर केंद्रित होगा। इनमें आहार में विविधता और पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा गर्म पका हुआ भोजन, सामुदायिक भागीदारी और जवाबदेही तथा बच्चों के विकास के लिए पोषण, प्रारंभिक प्रोत्साहन और शिक्षा शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत की नींव के रूप में सुपोषित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप, पोषण अभियान वर्ष 2018 में शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य पोषण को देश के विकास के एजेंडे के केंद्र में लाना है। हर वर्ष सितंबर में मनाया जाने वाला राष्ट्रीय पोषण माह अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। इसके माध्यम से महिलाओं, बच्चों और किशोरों के पोषण, स्वास्थ्य तथा देखभाल से जुड़ी अच्छी आदतों को बढ़ावा दिया जाता है।
केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी द्वारा शुरू किए जाने वाले 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का इस वर्ष का विषय है-“हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी”। इसके अंतर्गत प्रत्येक नागरिक से आंगनवाड़ी केंद्रों की जिम्मेदारी साझा करने का आह्वान किया गया है। आंगनवाड़ी केंद्र देश के बच्चों के लिए पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा का पहला केंद्र हैं।