नौवां राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस इस महीने की 18 तारीख को कर्नाटक स्थित केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान में मनाया जाएगा। इस वर्ष का विषय है- प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा है कि प्राकृतिक चिकित्सा लोगों को जीवनशैली, प्रकृति और समग्र स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध को समझने के लिए प्रेरित करती है।
यह दिवस प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वास्थ्य संवर्धन, बीमारियों की रोकथाम तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में इसकी भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। इसका एक अन्य उद्देश्य मोटापे और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को स्वस्थ और टिकाऊ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और फिट भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप है। इसमें बीमारियों की रोकथाम, स्वस्थ जीवनशैली और जनकल्याण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया गया है।