इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र के पास आज सुबह आए 7 दशमलव 7 तीव्रता के भूकंप से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। भूकंप से इमारतें ढह गईं, भूस्खलन हुआ और चारों ओर दहशत फैल गई। भूकंप के कारण छह लोग घायल हुए और दो लापता हैं।
भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी। निगरानी में समुद्र के स्तर में कोई खास बदलाव न दिखने के बाद सुनामी की चेतावनी हटा ली गई। बिजली गुल होने और संचार बाधित होने से बचाव और नुकसान के आकलन में बाधा आई, जबकि अस्पतालों ने मरीजों को निकालकर उपकरणों को बाहर स्थानांतरित कर दिया।
अमरीकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप पूर्वी नुसा तेंगारा के एंडे से लगभग 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में 10 किलोमीटर की गहराई पर आया था। इसके बाद कई झटके महसूस किए गए।
बचाव दल ने सिक्का, पश्चिम मंग्गारई और पूर्वी मंग्गारई में 20 शव बरामद किए, जिनमें से आठ रेओक में भूस्खलन से निकाले गए थे। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में भारी नुकसान और इमारतें ढहने की खबरें हैं।