कतर में देश की समुद्री सीमा में कतर सशस्त्र बल के एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से सात लोगों की मृत्यु हो गई। कतर के गृह मंत्रालय ने बताया है कि अब तक छह शव बरामद हो चुके हैं जबकि एक लापता व्यक्ति की तलाश जारी है। मंत्रालय ने मृतक के परिवारों के प्रति संवदेना व्यक्त की है।
तुर्किए के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि मृतकों में कतर सशस्त्र बल के चार, तुर्किए सशस्त्र बल का एक और तुर्किए रक्षा कंपनी असेलसन के दो कर्मचारी शामिल हैं।
रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि नियमित मिशन के दौरान हेलीकॉप्टर, तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की पहचान का ब्यौरा जारी नहीं किया है और इस स्तर पर किसी विरोधी गुट के शामिल होने का कोई संकेत नहीं है।
यह घटना पश्चिम एशिया में बढते तनाव के बीच हुई है जहां हाल में ईरान पर अमरीकी, इस्राइली हमलों के बाद खाडी देशों को बार-बार मिसाइल हमलों का सामना करना पड रहा है। रास लाफान औद्योगिकी शहर सहित प्रमुख ऊर्जा केंद्रों को कई बार निशाना बनाया गया है।