जून 29, 2026 7:21 अपराह्न

printer

अफगानिस्तान पर पाकिस्तान के हवाई हमले में 36 नागरिकों की मौत, 163 घायल

पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने कल रात अफगानिस्तान सीमा के पास हवाई हमले किए। इनमें पक्तिका और कुनार प्रांतों के इलाकों को निशाना बनाया गया। सोशल मीडिया पोस्ट में अफगान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने कहा कि इन हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित 36 नागरिक मारे गए और 163 अन्य घायल हो गए। उन्होंने हमलों की निंदा करते हुए इसे आक्रामकता बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी जेट विमानों ने सबसे पहले पक्तिका प्रांत में एक घर पर बमबारी की, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति और एक बच्चा मारा गया और परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि दूसरे हमले में घायलों को बचाने के लिए जमा हुए ग्रामीणों को निशाना बनाया गया, जिसमें 28 नागरिक मारे गए और 158 अन्य घायल हो गए।

फितरत ने कहा कि एक अन्य हवाई हमले में पक्तिका प्रांत के जानी खेल जिले के वालोश्त गांव में एक नागरिक के घर को निशाना बनाया गया, जिसमें छह लोग मारे गए, जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे। उन्होंने बताया कि कुनार प्रांत के मरावारा जिले के बरौल्लो गांव में एक नागरिक के घर पर भी बमबारी की गई।

काबुल में तालिबान के नेतृत्व वाली सरकार ने इन हमलों की निंदा करते हुए इन्हें अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन बताया और पाकिस्तान पर अपने आंतरिक सुरक्षा संबंधी मुद्दों के लिए अफगानिस्तान को बलि का बकरा बनाने का आरोप लगाया।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला