रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि तेलंगाना के काजीपेट रेल निर्माण इकाई में अगले पांच वर्षों में 200 इंटरसिटी रेलगाड़ियों का निर्माण किया जाएगा। इन रेलगाड़ियों को देश भर में कम दूरी की यात्रा के लिए चलाया जाएगा। श्री वैष्णव ने रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आज काजीपेट रेल निर्माण इकाई को चालू करने की योजनाओं की समीक्षा की। ये रेलगाड़ियां सामान्यत: लगभग 300 किलोमीटर तक की दूरी तय करेंगी और प्रत्येक यात्रा में कई ठहराव होंगे। ये ट्रेनें लोगों को इंटरसिटी यात्रा का एक नया किफायती विकल्प प्रदान करेंगी।
मंत्रालय ने कहा कि इन रेलगाड़ियों से स्थानीय लोग बड़े पैमाने पर रेलगाडि़यों से यात्रा करेंगे। इंटरसिटी ट्रेनों में स्वचालित दरवाजा, हवादार और सुरक्षित कोच डिजाइन जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। ये रेलगाड़ियां 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने के लिए डिज़ाइन की गई हैं। मंत्रालय ने कहा कि रेलवे की इतनी बड़ी शुरुआत से देश भर में हरित और स्वच्छ परिवहन क्षमता में वृद्धि होगी।