इंडिया मोबाइल कांग्रेस का 10वां संस्करण आज नई दिल्ली के यशोभूमि में शुरू होगा। इस वर्ष इसका विषय है- “सीमा रहित विस्तार”। सम्मेलन में दूरसंचार, डिजिटल कनेक्टिविटी और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में भारत की प्रगति को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, वैश्विक सहयोग, निवेश और ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए एक मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल इसका उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन में अगले एक अरब डिजिटल कनेक्शनों में निवेश, दूरसंचार के भविष्य, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, 6-जी, स्टार्टअप, 5-जी नेटवर्क के लिए एआई एजेंट और एआई सुरक्षा जैसे विषयों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्टार्टअप वर्ल्ड कप इंडिया-2026 और युवाओं के लिए रोबोटिक्स चैलेंज भी शामिल हैं।
इंडिया मोबाइल कांग्रेस में डेढ़ लाख से अधिक लोग, 500 से अधिक प्रदर्शक और साझेदार, 600 से अधिक स्टार्टअप और 900 से ज्यादा विशेषज्ञ शामिल होंगे। सम्मेलन में दो हजार से अधिक तकनीकी उपयोग के मामले, 120 से ज्यादा सत्र और 700 से अधिक निवेशक बैठकें होंगी, जिनके जरिए वैश्विक सहयोग और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।