नवम्बर 1, 2026 6:06 अपराह्न

printer

भूटान के गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में एक साथ 108 पवित्र बौद्ध स्तूपों को खड़ा किया गया

भूटान के गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में आज एक साथ 108 पवित्र बौद्ध स्तूपों को खड़ा किया गया। प्रत्येक स्तूप की ऊंचाई 15 मीटर है। इस आयोजन में आस्था, श्रद्धा और सामूहिक भागीदारी का अनूठा उदाहरण देखने को मिला।
 
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का शुभारंभ आज पारंपरिक बौद्ध प्रार्थनाओं और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। इस दौरान पारंपरिक बौद्ध वाद्य यंत्रों डुंगचेन की ध्वनि के बीच स्तूपों को खड़ा किया गया।
 
भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक की परिकल्पना पर शुरू किए गए इस आयोजन में  भूटान के विभिन्‍न हिस्‍सों से करीब 40 हजार स्वयंसेवकों ने भाग लिया। समाज के विभिन्न वर्गों से हजारों लोग इस ऐतिहासिक आयोजन में शा‍मिल होने के लिए गेलेफू पहुंचे। 
 
इस आयोजन के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने एक साथ निर्धारित 108 स्थानों पर स्तूपों को खड़ा किया। यह प्रयास धार्मिक और सामुदायिक कार्यों में स्वैच्छिक सेवा की भूटान की पुरानी परंपरा ‘झाब्तो’ को दर्शाता है।
 
इस समारोह में भूटान का शाही परिवार मौजूद है। देश के सर्वोच्च आध्यात्मिक धर्मगुरु जे खेनपो धार्मिक अनुष्ठानों का नेतृत्व कर रहे हैं। भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक ने भी इस अवसर पर लोगों को संबोधित किया।
 
यह ऐतिहासिक आयोजन भगवान बुद्ध के स्वर्ग से धरती पर लौटने की स्मृति में मनाए जाने वाले पर्व ‘ल्हाबाब दुचेन’ और भूटान के राजा के राज्याभिषेक की 18वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रहा है।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला