सितम्बर 26, 2026 10:09 पूर्वाह्न

printer

समरकंद में शतरंज ओलंपियाड के नौवें दौर में डी गुकेश के शानदार प्रदर्शन से भारत ने जर्मनी को हराया

उज्‍बेकिस्‍तान के समरकंद में 46वें शतरंज ओलंपियाड के नौवें दौर में विश्‍व चैंपियन डी. गुकेश के शानदार प्रदर्शन से भारत ने जर्मनी को डेढ के मुकाबले ढाई अंक से पराजित किया। इस जीत के बाद भारतीय पुरूष टीम दूसरे स्‍थान पर आ गई है।

भारत के रमेशबाबू प्रज्ञाननंद और जर्मनी के विनसेंट कीमर के बीच पहली बाजी ड्रॉ रही। अर्जुन ऐरीगेसी ने मथायस ब्‍ल्‍यूबॉम के साथ दूसरी बाजी ड्रॉ खेली।

निहाल सरीन और फ्रेड्रिक स्‍वाने के बीच तीसरी बाजी भी ड्रॉ रही। चौथी और निर्णायक बाजी में डी. गुकेश ने पिछडने के बाद वापसी करते हुए एलेकजेंडर डॉनचेंक को हराकर भारत को जीत दिला दी। अब दसवें दौर में भारत का मुकाबला उज्‍बेकिस्‍तान से होगा।

महिला वर्ग के नौवें दौर में भारतीय टीम, उज्‍बेकिस्‍तान को 3-1 से हराकर दूसरे स्‍थान पर आ गई है। भारत की बी. सविता श्री और उज्‍बेकिस्‍तान की करीमोवा गुलदोना के बीच बाजी ड्रॉ रही। सविता ने प्रतियोगिता में पिछली सात बाजियां लगातार जीती थीं। कोनेरू हम्‍पी और अफरूजा खामदामोवा के बीच भी बाजी ड्रॉ रही।

विश्‍व कप विजेता दिव्‍या देशमुख और वंतिका अग्रवाल ने अपनी-अपनी बाजियां जीतकर भारत को तीन-एक से जीत दिला दी। भारतीय टीम कजाकिस्‍तान और मंगोलिया के साथ संयुक्‍त रूप से दूसरे स्‍थान पर है। अगले दौर में भारतीय टीम का मुकाबला चीन से होगा।