रूस और यूक्रेन ने रातभर एक दूसरे पर हमले किए, जिससे दोनों देशों के कई नागरिकों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। रूस के बैलगोरोद क्षेत्र में यूक्रेन के ड्रोन हमले में पांच लोगों की मौत हो गई और बीस से अधिक घायल हो गए। क्षेत्रीय अधिकारियों ने बताया है कि हमले में 29 अपार्टमेंट भवन और पांच निजी मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं।यूक्रेन के खारकीव में साल्तिवस्की जिले में एक ऊंची आवासीय ईमारत को रूस की मिसाइलो ने निशाना बनाया। क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह साइनीहूबोव ने कहा कि इस हमले में दो लोग मारे गए और तेरह घायल हुए हैं।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार काला सागर में, ओडेसा और आसपास के क्षेत्रों में दर्जनों मिसाइल और ड्रोन हमले में आठ लोग घायल हो गये।
इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि रातभर चले ड्रोन हमलों में यूक्रेन के खारकीव क्षेत्र में तेल डिपो तथा सैन्य आपूर्ति केन्द्रों को निशाना बनाया गया है। मंत्रालय ने दावा किया कि रातभर में क्रीमिया, काला सागर और अजोव सागर के ऊपर यूक्रेन के 153 ड्रोन मार गिराए गए।
दूसरी ओर यूक्रेन ने अमरीका के साथ अपने पेट्रिएट वायु रक्षा प्रणाली में मिसाइल इंटरसेप्टर की मासिक आपूर्ति के लिए समझौता किया है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदीमिर जेलेंस्की ने बैलग्रेद में संवाददाताओं को बताया कि अमरीका मासिक आधार पर यूक्रेन को मिसाइल इंटरसेप्टर की आपूर्ति करेगा। उन्होंने कहा कि यह देश की हवाई सुरक्षा आवश्यकताओं से अब भी कम रहेगी।
राष्ट्रपति जेलेंस्की का यह बयान उनकी सर्बिया की पहली यात्रा के दौरान आया है। इस यात्रा का उद्देश्य आपसी सहयोग बढ़ाना है।