यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया है कि एक रूसी ड्रोन ने चेर्नोबिल प्रतिबंधित क्षेत्र में इस्तेमाल हो चुके परमाणु ईंधन भंडारण केंद्र पर हमला किया है। यह हमला परमाणु ऊर्जा संयंत्र से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित ईंधन भंडारण सुविधा केंद्र की एक इमारत पर किया गया। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विकिरण का स्तर सामान्य बना हुआ है। उन्होंने बताया कि हमले में इमारत आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई है। हमले के समय इमारत में कोई परमाणु ईंधन नहीं था। हमले के बाद आग लग गई, जिस पर बाद में काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमिर ज़ेलेंस्की ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि रूस ने जानबूझकर महत्वपूर्ण परमाणु बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं घटनाएं बढ़ती हुई लापरवाही को दर्शाती हैं।