ग्लास्गो में 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने अपना पहला पदक जीत लिया है। पैरा पावरलिफ्टिंग की पुरुष हैवीवेट स्पर्धा में झंडू कुमार ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
बिहार के नालंदा के रहने वाले झंडू कुमार ने 190 किलोग्राम भार उठाकर तीसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने 196 किलोग्राम का रिकॉर्ड प्रयास भी किया, लेकिन उसे पूरा नहीं कर सके।
लाइटवेट वर्ग में अशोक मलिक चौथे और परमजीत कुमार सातवें स्थान पर रहे। महिला वर्ग में जसप्रीत कौर छठे और सुमन देवी सातवें स्थान पर रहीं। झंडू कुमार ने पोलियो और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद यह उपलब्धि हासिल की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल में भारत के लिए पदक जीतने वाले पैरा एथलीट झंडू कुमार को बधाई दी। झंडू कुमार ने पुरुषों के हेवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कुमार के प्रदर्शन को शानदार बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी अदम्य शक्ति, अटूट दृढ़ संकल्प और वर्षों के अनुशासित प्रयासों का सशक्त उदाहरण है। श्री मोदी ने कहा कि हर चुनौती का सामना करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करके कुमार ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है और अनगिनत भारतीयों को प्रेरित किया है।