राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर देशभर के शिक्षकों को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षक दिवस पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है, जो महान लेखक और दार्शनिक थे। राष्ट्रपति मुर्मु ने डॉ. राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें असाधारण शिक्षक बताया। राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षक अपने मार्गदर्शन और सलाह के माध्यम से प्रतिभाओं के पोषण और चरित्र-निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समर्पित और स्नेहशील शिक्षक विद्यार्थियों की अद्वितीय क्षमता को पहचान सकता है और प्रेरणा का स्रोत बनकर उन्हें उत्कृष्टता के लिए प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित कर सकता है। राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षकों को निरंतर अपने ज्ञान को अद्यतन करना चाहिए, प्रौद्योगिकी को अपनाना चाहिए और नवीन शिक्षण विधियों को अपनाना चाहिए। राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षकों को विद्यार्थियों में स्वतंत्र सोच को बढ़ावा देना चाहिए और जिज्ञासा की भावना विकसित करनी चाहिए। सभी समर्पित शिक्षकों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कामना की कि सभी शिक्षक ऐसी प्रबुद्ध पीढ़ियों का पोषण करें जो राष्ट्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं।
News On AIR | सितम्बर 4, 2026 9:59 अपराह्न
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर देशभर के शिक्षकों को शुभकामनाएं दी