जुलाई 13, 2026 10:26 पूर्वाह्न

printer

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी करेंगे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 6 लेन लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। यह देश का दूसरा सबसे लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर एक्सप्रेसवे है, जिसकी लंबाई 63 किलोमीटर है। साथ ही यह स्वचालित और रोबोटिक मशीनों की मदद से निर्मित देश का पहला एक्सप्रेसवे भी है।

एक्सप्रेसवे को 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति के लिए डिज़ाइन किया गया है, साथ ही गाड़ियों की रफ़्तार पर नज़र रखने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम भी लगाया है। हर 2 किलोमीटर पर मदद के लिए इमरजेंसी कॉल बॉक्स दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए 24 घंटे काम करने वाले दो कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं।

इस एक्सप्रेसवे से लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा का समय घटकर केवल 35 से 45 मिनट रह जाएगा। दोनों शहरों के बीच कार से यात्रा करने पर 275 रुपये टोल टैक्स लगेगा। एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों की अनुमति नहीं है।