यूक्रेन ने रूस के सेंट पीटर्सबर्ग शहर के बाहरी इलाकों में ड्रोन हमला किया है। यह हमला रूस में एक बड़े आर्थिक मंच की शुरुआत से कुछ घंटे पहले हुआ।
रूस के अधिकारियों के अनुसार, वायु रक्षा प्रणाली ने रातभर में 59 ड्रोन को मार गिराया। हमले का असर सेंट पीटर्सबर्ग के तीन जिलों में देखा गया। हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा है कि रूस इस हमले का जवाब देगा। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को इस आर्थिक मंच में भाषण देने वाले हैं। इसमें 130 देशों के हजारों प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसमें एक अमरीकी प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहेगा।
इस हमले के कारण मोबाइल इंटरनेट सेवाओं में बाधा आई और पुल्कोवो हवाई अड्डे को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। पड़ोसी देशों लातविया और एस्टोनिया के कुछ हिस्सों में भी हवाई हमले की चेतावनी जारी की गई।