अगस्त 24, 2026 9:41 अपराह्न

printer

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पारंपरिक चुनावी साक्षरता क्लब को मतदाता जागरूकता और चुनावी शिक्षा के मजबूत मंच में बदलने की पहल की

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि निर्वाचन आयोग ने पारंपरिक चुनावी साक्षरता क्लब को मतदाता जागरूकता और चुनावी शिक्षा के मजबूत मंच में बदलने की पहल की है। लखनऊ में चुनावी साक्षरता क्लब और ईसीआईनेट ऐप पर आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री कुमार ने कहा कि युवाओं को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ना और चुनाव में उनकी जागरूक भागीदारी सुनिश्चित करना लोकतंत्र के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।

उन्‍होंने कहा कि ई.एल.सी. के दूसरे चरण के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया की तथ्य आधारित और व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, चुनाव प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता के बारे में जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

 उन्होंने कहा कि चुनावी साक्षरता क्लब के माध्यम से मतदाता पंजीकरण, मतदान और मतगणना सहित चुनाव के विभिन्न चरणों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, ईसीआईनेट ऐप और निर्वाचन आयोग की अन्य प्रमुख पहलों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने लखनऊ स्थित अपने पूर्व शिक्षण संस्थान कोल्विन तालुकदार्स कॉलेज में विद्यार्थियों से भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनावी प्रक्रिया, ईवीएम की विश्वसनीयता और युवा मतदाताओं की भूमिका पर बातचीत की।

ईवीएम से जुड़े सवालों के जवाब में श्री कुमार ने कहा कि भारत में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम का निर्माण सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां करती हैं और ये मशीनें इंटरनेट या किसी वायरलेस तकनीक से जुड़ी नहीं होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया पर किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसके स्रोत और प्रामाणिकता की जांच करने की सलाह दी।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त लखनऊ के दो दिन के दौरे पर हैं। वे कल लखनऊ और आसपास के जिलों के करीब 500 बूथ लेवल अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला