अगस्त 18, 2026 6:15 अपराह्न

printer

भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय सम्मेलन-आईएसएमआर का चौथा दौर बृहस्पतिवार को सिंगापुर में होगा

भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय सम्मेलन – आईएसएमआर का चौथा दौर बृहस्‍पतिवार को सिंगापुर में आयोजित किया जाएगा। भारतीय पक्ष से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और वाणिज्य, उद्योग, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया है कि अपनी यात्रा के दौरान यह मंत्री अपने समकक्षों से बातचीत करेंगे और सिंगापुर के नेतृत्व से भी मुलाकात करेंगे। भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय सम्मेलन का तंत्र नए और उभरते क्षेत्रों सहित सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है। इसकी पहली बैठक सितंबर 2022 में नई दिल्ली में हुई थी। इसके बाद दूसरी बैठक अगस्त 2024 में सिंगापुर में और तीसरी बैठक अगस्त 2025 में नई दिल्ली में हुई। इन बैठकों में उन्नत विनिर्माण, कनेक्टिविटी, डिजिटीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं तथा चिकित्सा, कौशल विकास और स्थिरता पर विचार-विमर्श से भारत-सिंगापुर व्यापक रणनीतिक साझेदारी का रोडमैप तैयार हुआ। इसका अनावरण पिछले वर्ष सितंबर में सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की भारत यात्रा के दौरान किया गया था। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय सम्मेलन के चौथे दौर से दोनों पक्ष चल रही विभिन्न पहलों की प्रगति की समीक्षा कर सकेंगे। वह भारत-सिंगापुर सहयोग को और मजबूत करने के रास्ते भी तलाश सकेंगे। प्रमुख व्यापारिक नेताओं के रणनीतिक और सलाहकार मंच के रूप में कार्य करने वाले भारत-सिंगापुर व्यापार गोलमेज सम्मेलन का चौथा संस्करण भी इस सम्‍मेलन के साथ आयोजित किया जाएगा।