संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि भारत में किसी भी क्षेत्र में एकाधिकार की अनुमति नहीं है। देश में स्टारलिंक को संचालन लाइसेंस पर कांग्रेस के रुख की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि स्टारलिंक, जियो सैटेलाइट कम्युनिकेशंस और यूटेलसैट वनवेब सहित तीन कंपनियों को सैटेलाइट संचार लाइसेंस दिए गए हैं। नई दिल्ली में आयोजित 10वीं इंडिया मोबाइल कांग्रेस में श्री सिंधिया ने कहा कि सरकार राजस्व-साझाकरण के आधार पर कंपनियों को स्पेक्ट्रम आवंटित करेगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित सुरक्षा मानदंडों और अन्य नियामक आवश्यकताओं को पूरा करने के बाद ही ऑपरेटरों को सेवाएं शुरू करने की अनुमति दी जाएगी। संचार मंत्री ने कहा कि सरकार का काम सेवाएं प्रदान करना है और खुले बाजार में अपनी पसंद की सेवा का चुनाव ग्राहकों पर निर्भर करता है।
संचार मंत्रालय ने कहा कि सैटेलाइट संचार सेवाओं के लिए भारत का नियामक ढांचा निष्पक्ष और गैर-भेदभावपूर्ण है। प्रत्येक लाइसेंसधारी के लिए सुरक्षा शर्तों का अनुपालन आवश्यक है। इसका उद्देश्य सभी उपयोगकर्ताओं के डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।