भारत ने आज ओमान के तट के पास पनामा के झंडे वाले वाणिज्यिक जहाज-एमटी ऑन पीस पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय जहाज पर हमला किया गया।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि जहाज के 19 सदस्यों वाले चालक दल में 17 भारतीय नागरिक हैं। हमले में 12 चालक दल के सदस्य घायल हुए हैं, जिनमें 11 भारतीय हैं। ओमान के अधिकारियों की मदद से सभी घायलों को जहाज से निकालकर ओमान के खासाब शहर ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। भारत ने ओमान के अधिकारियों के सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया है।
भारत ने इस क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों पर गहरी चिंता जताई और शांति तथा स्थिरता के लिए ऐसे हमले तुरंत रोकने की अपील की है। भारत ने वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद करने का भी आह्वान किया है। भारत ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और व्यापार जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।