फ़रवरी 20, 2026 8:07 अपराह्न

printer

भारतीय वायु सेना ने जयपुर के ऐतिहासिक जल महल में भव्य हवाई प्रदर्शन किया

जयपुर के ऐतिहासिक जल महल में भारतीय वायु सेना ने एक भव्य हवाई प्रदर्शन का आयोजन किया। इसमें सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम और सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने अपने शानदार हवाई करतबों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कमांडिंग ऑफिसर अभिजीत के नेतृत्व में, पांच हेलीकॉप्टरों वाली सारंग टीम ने प्रभावशाली फॉर्मेशन का प्रदर्शन करके सबका दिल जीता।

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड द्वारा निर्मित इन हेलीकॉप्टरों ने असाधारण सटीकता और समन्वय के साथ आकाश में अद्भुत पैटर्न बनाए। इसके बाद, सूर्य किरण टीम के जेट विमानों ने तिरंगे के धुएं की लकीरें छोड़ते हुए आकाश में उड़ान भरी। सूर्य किरण टीम ने विश्व स्तर पर 800 से अधिक एयर शो में प्रदर्शन किया है। कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन और पुलिस ने विशेष सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की थी। एयर शो 22 फरवरी को भी आयोजित किया जाएगा।