नवम्बर 12, 2026 9:07 अपराह्न

printer

भारतीय रिजर्व बैंक ने घरेलू धन हस्तांतरण के संबंध में एकीकृत दिशानिर्देश जारी किए

भारतीय रिजर्व बैंक-आरबीआई ने घरेलू धन हस्तांतरण के संबंध में एकीकृत दिशानिर्देश जारी किए हैं। इनमें लेन-देन की मौजूदा सीमाएं बरकरार रखी गई हैं, जबकि नकद के जरिए पैसे भेजने की प्रक्रिया में सुरक्षा उपायों को और सख्त किया गया है। इन दिशानिर्देशों के अनुसार, कोई व्‍यक्ति जिसके पास बैंक खाता नही है वह बैंक शाखा में जाकर एनईएफटी के माध्यम से किसी व्‍यक्ति के खाते में अधिकतम 50 हजार रुपये भेज सकता है।
 
बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट, एटीएम और अन्य अनुमत माध्यमों से पैसे भेजने की सीमा प्रति लेन-देन पांच हजार रुपये और प्रति व्यक्ति हर महीने 25 हजार रुपये तय की गई है। वहीं, बिना बैंक खाता रखने वाले लाभार्थियों को नकद भुगतान की सीमा प्रति लेन-देन 10 हजार रुपये और प्रति व्‍यक्ति हर महीने 25 हजार रुपये होगी।
 
आरबीआई ने पैसे भेजने वाले व्यक्ति का पंजीकरण अनिवार्य रखा है। इसके लिए सत्यापित मोबाइल नंबर और केवाईसी नियमों के तहत स्व-प्रमाणित वैध दस्तावेज देना होगा।
 
बैंकों को आईएमपीएस और एनईएफटी संदेशों में पैसे भेजने वाले व्यक्ति का विवरण और नकद हस्तांतरण की पहचान से जुड़ी जानकारी शामिल करनी होगी। साथ ही, लेन-देन की जांच, ग्राहकों को अलर्ट भेजने, संदिग्ध लेन-देन के पैटर्न की जांच करने और असामान्य गतिविधियों की सूचना देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
 
आरबीआई के अनुसार, धन हस्तांतरण तत्काल या लगभग तत्काल होना चाहिए और बैंकों के बीच निपटान आरबीआई से अनुमोदित प्रणालियों के माध्यम से किया जाएगा। ये दिशानिर्देश बैंकों, अधिकृत भुगतान संचालकों और अन्य संबंधित भागीदारों पर लागू होंगे। हालांकि, एक कार्ड से दूसरे कार्ड में किए जाने वाले हस्तांतरण इनके दायरे से बाहर रहेंगे।