प्रसार भारती और इन-डॉट स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने आज किसान क्रिकेट लीग- केसीएल के आयोजन की घोषणा की है। इसका उद्देश्य देश के ग्रामीण क्षेत्रों से क्रिकेट खिलाड़ियों और गायकों की खोज करना है। लीग का आयोजन अगले वर्ष फरवरी में होगा। इसमें भाग लेने के लिए पंजीकरण अगले 2 से 3 सप्ताह में शुरू होगा। क्रिकेट लीग 15 ओवर के प्रारूप में खेली जाएगी, जहां पहले सत्र में कुल 45 मुकाबले होंगे। जिसमें देश भर से 7 टीम, 140 खिलाड़ी और 30 गायक शामिल होंगे।
लीग के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अतुल पांडे ने कहा कि यह पहल दर्शकों को मुफ्त और पारिवारिक मनोरंजन प्रदान करने की दिशा में बड़ा कदम है। श्री पांडे ने आकाशवाणी समाचार से कहा कि एक सार्वजनिक सेवा प्रसारक के रूप में, प्रसार भारती लोगों को लाइव मैच देखने के लिए बिना किसी सदस्यता के सेवाएं देता है। उन्होंने बताया कि वेव्स लाइव खेल और गायन प्रतियोगिताओं के साथ-साथ भाग लेने वाले क्रिकेट खिलाड़ियों और गायकों की विशेष जीवनियों को मिलाकर संपूर्ण, पारिवारिक मनोरंजन भी देगा।