प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वभर के नेताओं से मिले बधाई संदेशों के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया है।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वे भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने तथा दोनों देशों के नागरिकों के हित में सहयोग बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।
प्रधानमंत्री ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के संदेश पर कहा कि वे भारत और मलेशिया के बीच मजबूत और स्थायी मित्रता को बेहद महत्व देते हैं।
प्रधानमंत्री ने जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत, भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि भारत-कनाडा साझेदारी आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करती रहेगी।
प्रधानमंत्री ने इस्राएल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के संदेश के जवाब में कहा कि भारत और इस्राएल के बीच मित्रता आने वाले वर्षों में और अधिक मजबूत होगी।